Saturday, April 28, 2018

उन मौसमों की याद में....
कश्मीर सिर्फ समाचार ही रहा कई सालों तक.., दूरदर्शन पर समाचार के आखिर मे मौसम के समाचार सुनाये जाते। जिसमे भारी बर्फ़बारी सिर्फ कश्मीर मे ही तो होती थी. फिर पहली बार कश्मीर दिखाई भी दिया...।
सरकारी मकानो वाले मेरे मोहल्ले मे जाड़े की आमद उनके साथ ही होती . हर बरस ठिठुरते दिनों का बंदोबस्त लिए...., अपनी पोटलियों मे रेशा रेशा कश्मीर लिए...., वो मेरे शहर आते थे पश्मीना, फिरन ,पोंचू , जाड़े के दिनों मे मोहल्ले की हर लड़की कश्मीर की कली बन जाने की ज़िद बांध लेती।
ना नाम मालूम था तुम्हारा, ना पता. हमारे लिए तुम सिर्फ कश्मीरी थे, वैसे ही जैसे हम भोपाली...
वो नुक्कड़ से तीसरी लाइन को चौथे मकान तक हर साल जाड़ों मे बेहिचक आते रहे तुम . और
गुनगुनी धुप मे सुस्ताते बतियाते हम भी, तुम दिखाई ना देते तो एक बार तो ज़िक्र कर ही लेते,
सर्दियां देरी से आई हैं या झेलम एक्सप्रेस लेट है इस बार,
साल दर साल चलते रहे ये सिलसिले। और तुम हमारे लिए बदलते मौसम के क़ासिद बने रहे.
तुम तो इस बार भी पोटलियों मे वादियों की वर्दियां लिए गुज़रे होगे मेरी गली से. घर के आगे घंटी भी बजाई होगी देर तक.
पश्मीने मे लिपटा कश्मीर फिर लाये होगे इस बार भी.
दुख... केवल सब्र की ज़मीन नहीं... दुख जीवन की उर्वरा है... अनंत यात्रा के पड़ाव का साक्षात .पर दुख के बाद भी जीवन छल से भरा रहे ..... दुख के बाद भी दुनियादारी के सवाल हों... ..तो ये दुख आत्मा की नमी नहीं... व्यर्थ का विलाप है.. ...कोशिश हो कि दुख... सबक बनें..कि दुख की कोख जब अवसाद को जन्म दे रही हो... तब भी..टूटी फूटी सही जीवन में आस्था बनी रहे....
कि जब तलक सांस है भूख है प्यास है....
....वो बेवजह दूसरी जिंदगियों में आई मुश्किलों की ढेर सारी बातें करने लगी है....सिर्फ इसलिए कि खुद अुपनी जिंदगी से जूझने की हिम्मत जुटा सके, खुद अपनी, पीड़ा का पैरामीटर कुछ कम कर सके.....
----------------------
सड़क के मोड़ को दुख का कोना बना लिया है उसने...घर के मोड़ पर गाड़ी रोकता है, और चीख कर रो लेता है....ताकि सुबह से शाम तक घर दफ्तर में खुद को सामान्य दिखा सके....
-------------------
उस दफ्तर के लोग चुटकुले ज्यादा शेयर करते हैं अब... जानबूझकर करते हैं ये साफ दिखाई भी देता है......वो बहुत हंसती नहीं अब ....पर दोस्त कमबख्त कोशिश भी नहीं छोड़ते....
----------------------
वो पूरे दिन अपनी जान से दूर रहने के बाद, सिर्फ इसलिए अपने बच्चे से खुद को दूर कर लेती है....कि एक मां की सूनी आंखों में कहकहे लौटा देने का यही एक रास्ता है उसके पास......
----------------------
इंसानियत....किसी किताब में दर्ज नहीं होती ....
जीने का कोई तय सलीका नहीं होता.....
रोज ब रोज खुद सिखाती जाती है जिंदगी ......कि कैसे जीया जाता है......
खत....कि खता हुई थी...
उसे लिखना....जिसने चीख कर कहे गए लफ्ज़ भी हर बार अनसुने कर दिए थे....और ये जानते हुए लिखना कि ये खत भी अनदेखा रह जाना है...
पर सुना था किसी से कि लिखना मन की उदासियों में मुस्कान टांक देना है
सो लिख दिया ....खत का कायदा होता है ना कि पहली लाईन में लिखा जाता है तुम कैसे हो...तुम जैसे भी हो...मेरे हो... जैसा कोई फिल्मी डॉयलॉग नहीं कहना मुझे...नहीं कहना कि तुम मेरे थे ही कहां...
और सच कितनी तसल्ली है इस सच्चाई को मंजूर कर लेने में कि वो मोहब्बत थी ही नहीं कि ख्वाब की दुनिया हमेशा कांच की ही होती है ...किसी की मोहब्बत के भरम में जीना....और फिर उस भरम को अपने हाथों तोड़ देना....हिम्मत का काम होता है...
माऊंट एवरेस्ट पर बिना सांसों के चढने जितनी हिम्मत....
कि बेअसर रहना उस निगाह से जिसे देखने की हसरत में आप जाने कितनी दोपहरें शाम कर चुके हों....बेताल्लुक रहना, उस छुअन से...जो चाय का कप संभालते हुए ...बेखुदी में हथेलियों पर दर्ज रह गई थी..बेफिक्र रहना उस ख्याल से ...कि जाने आज फेसबुक की तस्वीर पर उसका दिल चस्पा होगा भी या नहींआंसूओं की बारिश...दिल के दर्द धो देती है...कई बार सुना है
कि इसी रास्ते से मन का आसमान साफ होता जाता है....
तो खुल गया है आसमान...धूप निकल आई है.....
कि तुम्हारे आने और जाने के बीच सदियों के फासले भी मेरी परवाह का हिस्सा नहीं अब....कि किसी और मोहब्बत में मुब्तिला प्यार करने वाले शख्स को देखकर ये अफसोस भी नहीं कि तुम ऐसे क्यूं नहीं हुए....
छोड़ देना जितना आसान...उतना मुश्किल भी तो होता है.....
पर मुश्किलों से जिंदगी आसान होती है....तो ये जो खत के आखिर में खाली स्पेस है ना.....जिंदगी में भी ऐसा ही खाली स्पेस छोड़ दिया है.....
कभी भर पाई तो उसे आसमानी रंग से भरूंगी......
तुम अब ख्याल में नहीं हो....
यकीन मानों फार्मली कह रही हूं....... अपना ख्याल रखना.....
( खत लिखिए....जरुर लिखिए कि लाल डिब्बे की उदासी टूटे)
....
आसान नहीं होता...
सिसकियों से टूट रही खामोशी में 
हौसले का मरहम रख पाना...

जब सात्वंना देते हाथ 
संभालते कंधे 
सब रीत चले हों 
बीत चले हों...
तब आंसूओं को समेटकर 
झूठी मुस्कान चेहरे पर लाना 
आसान नहीं होता...

आसान नहीं होता 
फिर मंदिर में सांझ का दीपक लगाना 
भगवान से कह पाना, 
तुम्हारी यही मर्जी थी शायद

आसान नहीं होता...
उसी दुनिया में जीना...खड़े होकर 
चल पाना...जहां रस्ते, गली, चौराहे पर 
तुम्हारी याद ठहरी है....

आसान नहीं होता 
तुम्हारी तस्वीर को
खुद अपनी आंखों से
छिपा जाना, 
कि तुम्हे तस्वीर बनते नहीं देखना था हमें.....

आसान नहीं होता...
दुखों का पहाड़ चढकर 
फिर उसी दुनिया में लौट पाना ...
जहां, जीवन नश्वर है...
इस सबसे बड़े सच से साक्षात के बाद भी
छल अपने पैर पसार ही लेता है.....
कितने सवाल होते हैं, जिनके जवाब जिंदगी के पास भी नहीं होते. मैं चाहती हूं कि मेरी जिंदगी की रुठी छूटी ख्वाहिशों का सिक्वल ना बने तुम्हारी जिंदगी। मैं चाहती हूं कि मेरे हादसे तुम्हारा तजुर्बा ना बनने पाएं. मैं चाहती हूं कि अपनी वसीयत में तुम्हारे नाम खिलते गुलाब, चहकती चिड़ियाएं ऊंघते देवदार लिख जाऊं कि ये दिल नहीं तोड़ेंगे कभी। 
और तुम्हारे वो मासूम सवाल..कि जिनके हल गूगल के पास भी नहीं है. ये जिंदगी के सवाल, जिनके जवाब मुझे भी नहीं मिले आज तक वो तुम्हारे साथ छोड़े जाऊंगी कि तुम ढूंढ लोगे जवाब ..उम्मीद है मुझे.

बीतते बेदर्द दिसम्बर का एक ख्याल है बस... वक्त गुज़रा है हम नहीं गुज़रे...
  1. कुछ लम्हे अपने नाम के हो 
  2. कोई इत्मीनान की शाम के हो
  3. लिखूं किताब मन की अबकि 
  4. नीदों को मिले मीठी थपकी
  5. मैं दूर देस को जाऊं अब 
  6. मैं दिल के साज़ पर गाऊं अब
  7. जो संघर्षों में रुठ गए 
  8. जो हाथ छुड़ाकर छूट गए
  9. उस बीती को मैं बिसार भी दूं 
  10. जो साथ खड़े.,उनको देखूं 
  11. जो साथ चले उनको जानू
  12. मुझे वादी में सुस्ताना है 
  13. सागर पर दौड़ लगाना है....
  14. बस इतनी सी ख्वाहिश मेरी,
  15. दुनिया से जब रुखसत पाऊं 
  16. इतनी मोहलत बस मिल जाए .....
  17. शिफाली
स्कूल बस में, उम्मीद चढती हैं...सपने चढते हैं....
स्कूली बस के साथ हुए ऐसे हादसे हमेशा सिर्फ खबर ही नहीं होते। वो डर बनकर आते है। वो कानों से चढते है और आंखों से उतरते है आंसू बनकर। स्कूल बस में दुनियादारी नहीं चढती। स्कूली बसों में मासूमियत सवार होती है। डीपीएस की उस बस में सवार 12 बच्चे भी भीड़ भर ही तो नहीं थे । वो बच्चे फिक्र थे । सपने थे। उम्मीदें थे। और कहीं कहीं जीने की इकलौती वजह भी थे। वो खिलें पूरे रंग और ताब के साथ इसी कोशिश में तो सड़कों पर दस से पांच की दौड़ लगी हुई है। फिर कौन इन मासूम हसरतों को। जीने की इन इकलौती वजहों को, मौत वाली बसों में सवार कर जाता है? क्या जिम्मेदार सिर्फ बेकाबू नीली पीली बसों के ड्राइवर हैं? क्या जिम्मेदार नो एंट्री में सुबह सुबह चले आने वाले टैंकर हैं? हादसों के बाद जिम्मेदारियां तो हर बार तय होती हैं। सख्ती होती है लेकिन हादसे तो फिर भी होते हैं। उन बच्चों के लिए दुख के साथ बस इतना सा संतोष है हाथ, कि इस बार उन बच्चों में आपके घर का चिराग नहीं था। पर एक भरोसा ही तो है। जिस भरोसे पर बच्चे उस हादसे के बाद आज सुबह फिर बसों में सवार हुए हैं। फिर स्कूल गए हैं। और उसी भरोसे की डोर थामें दोपहर तक घर भी लौट आएंगे । लेकिन यकीन मानिए ये हादसा भरोसे की इस डोर को कमजोर कर गया है...
खत लिखना आपसे ही सीखा था....यहां सब कुशल मंगल है...पत्र यहीं से शुरु होता है हमेशा 
चाहे मंगल कहने को बस मंगलवार ही हो तुम्हारे पास..आपसे ही सीखा 
.नहीं बाबा, आप कोई टेंशन नहीं लेना...वाकई सब कुशल मंगल से है...
पर जाड़े के ये दिन नहीं गुजर रहे....तीन दिन हो गए 
दीदी के हाथ का स्वेटर ही पहनी हुई हों....उतारती हूं तो लगता है कि घर से दूर निकल आई हूं कहीं पहन लेती हूं, तो अम्मा के साथ सिगड़ी तापने लगती हूं बरामदे में बैठकर....
पर बाबा यहां एक ही मौसम है....बस एक मुंजमिद खामोशी .....

--
बाबा, चांदनी फूल आई होगी अब तो...
गुजरते जाड़े में आम पर बौर भी आ जाएगा....
भाई से कहना..मेरे हिस्से वाली कैरियां 
वो ही रख ले...
अबकि मैं लड़ने नहीं आऊंगी उसके पास
मैं भी क्यूं आऊं खट्टी झूठी कैरियां खाने इतनी दूर वहां
बाबा....पर आप भी झूठ क्यूं कहते थे, 
कि तू पास ही रहेगी, 
आंगन के आम जितनी पास

----
अम्मा से कहना, तसल्ली कर ले
अब कैंची की तरह ज़बान नहीं चलती मेरी 
अच्छी लड़कियां जोर से नहीं हंसती
अच्छी लड़कियां गाना नहीं गाती 
अच्छी लड़कियां खिड़की पर नहीं आती 
अच्छी लड़कियां.., सच नहीं कह पातीं
कुछ नहीं भूली हूं 
और सच कहूं कुछ याद भी नहीं है...
कि कब जोर से हंसी थी आखिरी बार...
कब जोर का गाना गाया था...
खिड़की खुल भी जाए इत्तेफाक से तो किसी दीवार के आगे 
ही खुलती है 
.......

बाबा, 
वो दादी का पलंग...अलमारी, 
वो पुराना कमजोर सोफा 
सब महफूज़ है ना घर में 
फिर मैं कैसे छूट गई हूं.....
शिफाली

( नोट-.....ताकि हमारी जिंदगी में पोस्टकार्ड और अंर्तदेशीय बनें रहें....चिट्ठी लिखिए कि लाल डिब्बा उदास है...
पुत्री का खत पिता के नाम
द्वारा- शिफाली हूं

खत लिखना आपसे ही सीखा था....यहां सब कुशल मंगल है...पत्र यहीं से शुरु होता है हमेशा 
चाहे मंगल कहने को बस मंगलवार ही हो तुम्हारे पास..आपसे ही सीखा 
.नहीं बाबा, आप कोई टेंशन नहीं लेना...वाकई सब कुशल मंगल से है...
पर जाड़े के ये दिन नहीं गुजर रहे....तीन दिन हो गए 
दीदी के हाथ का स्वेटर ही पहनी हुई हों....उतारती हूं तो लगता है कि घर से दूर निकल आई हूं कहीं पहन लेती हूं, तो अम्मा के साथ सिगड़ी तापने लगती हूं बरामदे में बैठकर....
पर बाबा यहां एक ही मौसम है....बस एक मुंजमिद खामोशी .....

--
बाबा, चांदनी फूल आई होगी अब तो...
गुजरते जाड़े में आम पर बौर भी आ जाएगा....
भाई से कहना..मेरे हिस्से वाली कैरियां 
वो ही रख ले...
अबकि मैं लड़ने नहीं आऊंगी उसके पास
मैं भी क्यूं आऊं खट्टी झूठी कैरियां खाने इतनी दूर वहां
बाबा....पर आप भी झूठ क्यूं कहते थे, 
कि तू पास ही रहेगी, 
आंगन के आम जितनी पास

----
अम्मा से कहना, तसल्ली कर ले
अब कैंची की तरह ज़बान नहीं चलती मेरी 
अच्छी लड़कियां जोर से नहीं हंसती
अच्छी लड़कियां गाना नहीं गाती 
अच्छी लड़कियां खिड़की पर नहीं आती 
अच्छी लड़कियां.., सच नहीं कह पातीं
कुछ नहीं भूली हूं 
और सच कहूं कुछ याद भी नहीं है...
कि कब जोर से हंसी थी आखिरी बार...
कब जोर का गाना गाया था...
खिड़की खुल भी जाए इत्तेफाक से तो किसी दीवार के आगे 
ही खुलती है 
.......

बाबा, 
वो दादी का पलंग...अलमारी, 
वो पुराना कमजोर सोफा 
सब महफूज़ है ना घर में 
फिर मैं कैसे छूट गई हूं.....
शिफाली

( नोट-.....ताकि हमारी जिंदगी में पोस्टकार्ड और अंर्तदेशीय बनें रहें....चिट्ठी लिखिए कि लाल डिब्बा उदास है...
शिफाली पांडेय

ये सूनी सूनी दोपहरें..
ये बासी खाली खाली दिन 
यूं लौट के आते हैं जैसे
जो बीत गया कल
आज वही 
है राग वही और साज वही 
और खुद से खुद की 
बात वही..
खुद से खुद का फिर लड़ जाना 
टकराना टूट बिखर जाना 
फिर खुद से कहना 
मान भी ले...
अब चल भी दे 
और जान भी ले...
जो बीत रहा तुझमें तू है 
ये दुनिया फानी हर सूं है...
ये लफ्ज़ तूझे देंगे मानी
जो बीत गया फिर बीतेगा
ये रात कोई तो जीतेगा ...

है राग वही और साज वही 
और खुद से खुद की 
बात वही..
खुद से खुद का फिर लड़ जाना 
टकराना टूट बिखर जाना 
फिर खुद से कहना 
मान भी ले...
अब चल भी दे 
और जान भी ले...
जो बीत रहा तुझमें तू है 
ये दुनिया फानी हर सूं है...
ये लफ्ज़ तूझे देंगे मानी
जो बीत गया फिर बीतेगा
ये रात कोई तो जीतेगा .
कुहासी सुबहें दोपहरें निगल लेती हैं 
शाम का रातों से रदोबदल हो जैसे

पूस का महीना बीत गया है 
सुनते हैं कि दिन बड़े हो जायेंगे अब 
लेकिन रहेंगे तो बेमानी ही

फिर कुछ सपने घोड़ी चढ़ जायेंगे 
और फिर मुल्ताबी रेह जायेंगे कच्चे पक्के इश्क़

उम्मीदों के मांजे और मज़बूत करेंगे अबकी फिर 
और टूटा सिरा हाथ मे लिए फिर कहूँगी खुद से 
कि अपने हाथ यही तो आना था

फिर सूरज के दिन आएंगे तो मे भी आवाज दूंगी तुम्हे 
बादलों के इस शामियाने के उस पार तुम सुन लोगे ना

वो पिछले मोहल्ले के पीपल से कई बार तुम्हारी गवाही ली है
Shifalee
जो, मैं भी जी ही लेती 
सिल्क साड़ी का सपना...
चूड़ियों में खनकना...
पायलों में ठुमकना....
तुम्हे देखती 
थोड़ी पलकें झुकाकर
फुदकती मटकती
मैं चोटी घुमाकर....
हौले हौले में गाती 
बेवजह मुस्कुराती 
मैं यूं बोलती जैसे 
चिड़िया हो चहकी
मैं ऐसे गुजरती
रात रानी ज्यूं महकी...
कि कंधा पकड़कर मैं बाइक पे आती
पहले शर्ट खींचती फिर मैं सैल्फी खिंचाती
मगर ये हो ना सका....
मगर ये हो ना सका...
और अब ये आलम है.....
कि देखूं में अपनी किताबों का सपना
कि रूटीन है मेरा लड़ना झगड़ना
कि हाथों में मैने, टू डू लिस्ट थामी
कि पैरों में हर दम ही रहती सुनामी
कि पलकों से पहले, मैं चश्मा संभालू 
ठहाकों में हंस लूं मैं जोरों से गा लूं 
कि कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी मैं
तुम्हारी ही खातिर तो जग से लड़ी मैं....

इसे देखो....इसे जानों, फिर समझो ये कहानी
इन फितूरी, औरतों की कीमत...
तुम क्या समझों जानी....
----शिफाली
धरती जिस रंग की चादर पहनें,
गुनगुनी धूप में सो जाती है....
किताब में जो महफूज़ रक्खे हैं,
तुम्हारे दिए हुए
उन फूलों का रंग भी तो वही था ना...
ये और बात कि वो फूल तुम्हारे जज़्बात की आधी बयानी रहे..
उसी रंग की चूनर ओढे 
उतरते रहे मेरी उम्र के तमाम बरस...
हां वही रंग...कि जिसे पहनकर बित्ते भर की नोनी दौड़ लगाती है...
हां वही रंग कि जिसमें, हथेली रंगती है, घर की देहरी पे छूट जाती है 
उसी रंग से रंगे थे पांव....
बाबूजी जब रोए थे ....
वही रंग जिसनें, बंजर नीदों में सपने बोए थे....
हां वही रंग फिजाओँ में लौट आया है....
मेरी लकीरों में लिक्खा....
तुम्हारे नाम का रंग

...............शिफाली
मौके पर ही मौत ना हुई, तो मौत का मतलब ही नहीं 
मानवता शर्मसार ना हो, तो काहे की मानवता 
राजनीति में कैसी भी बात, कोई नेता नहीं वक्त बताता है
और जवाबदेही इस शब्द के पापा प्रशासन अंकल हैं....
बात या तो अहम होती है, या सबसे बड़ी, वरना कोई बात बात नहीं होती
निश्चित ही..., नेता की जुबान से छूटा, रिपोर्टर ने लपका 
डॉक्टर ईलाज कम लापरवाही ज्यादा करते हैं...
महिला के साथ बदसलूकी यूं जुड़ा है जैसे शरीर के साथ सांसे

# खबर की दुनिया में शब्दों की अजब गजब दुनियां...श्रंखला भाग एक।
बेशक, जिंदगी आपके हिस्से सिर्फ और सिर्फ सवाल ही छोड़ रही हो... हर दूसरा दिन हर्डल रेस का नया टारगेट सेट करने आता हो ...हर दूसरा फोन कॉल मुश्किल की घंटी बन जाता हो....तब भी कि जब ये यकीन होने लगे कि पीपल में मन्नतें नहीं सिर्फ धागे बांध आए थे ....और आसमान के उस पार जो भेजीं थीं मुरादें वो तो कबकि खला में खो गई होंगी ..., ...जिंदगी की आइस पाइस में जब रिश्ते ढूंढने से भी ना मिलें..... .....तो पहाड़ से भारी इन दिनों को यूं गुज़ारिए कि हर बोझ से बेअसर रहे दिल.....
कि जिस्म और जिंदगी से पल भर की भी बेरूखी का ख्याल ना हो ..... दफ्तर से लौटने के बाद जो आपकी एक आवाज पर घर का इत्मीनान बनें दौड़े आते हैं ...
किसी सूरत उनका ये भरम ना टूटने पाए कि सुपर मैन....सुपर वुमन कभी हारते नहीं....

ये चढते दिन की तस्वीर 
हकीकत है हमारे जीवन की
कि जब वक्त भी तल्ख धूप लाए
कुछ बेहद अपने छूट जाएं राह में ...
इम्तेहान हर दिन की कहानी हो 
और नतीजों की कोई तय तारीख नहीं ....
हां तब भी....
तुम मुस्कुराना यूं हीं....
कि साथ साथ करेंगे जिंदगी से दो दो हाथ 
और बाज़ी हमारे नाम होगी.....
.....

नींद खुलना हमेशा जागना नहीं होता 
कितने बरस नींद में ही गुजर जाते हैं 
फिर जैसे नींद के ख्वाब दरक जाएं 
टूटते हैं भरम 
और आंखे खुल जाती हैं....
सुबह मैने एक लकीर मिटाई और अपनी जिंदगी में हौसला...हिम्मत, भरोसा, मोहब्बत...बनकर आए तमाम मेल्स को शुक्राना भेजा.....शाम बेटे के स्कूल की डिमांड पर खास पिंक कलर की टी शर्ट खरीदने जब बाजार गई तो एक नई लकीर से सामना हुआ....रंगों की लकीर... पूरे बाजार में लड़कों, खास कर किड्स बॉयज़ के लिए पिंक कलर की टी शर्ट पूरे बाजार में नहीं मिली...और इस दलील के साथ कि कंपनियां किड्स बॉयज़ के लिए पिंक टी शर्ट बनाती ही नहीं हैं.....और इसकी एक मात्र वजह, पिंक लड़कियों का कलर है....देखिए फर्क की बुनियाद कितने धीरे से हमारी दुनिया में दाखिल हो रही है....गुड़िया तेरी, सुपरमैन मेरा.....गुलाबी तेरा, आसमानी मेरा ....देहरी तेरी,आसमान मेरा ....रसोई तेरी, दफ्तर मेरा ....उफ्फ